राजनीति Published:
Haryana राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध की रोमांचक जीत, 0.66 वोट के अंतर से हारे भाजपा समर्थित नांदल
[Haryana Regional] चंडीगढ़ । हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुआ मुकाबला किसी हाई-वोल्टेज ड्रामे से कम नहीं रहा। आंकड़ों की बाजीगरी और क्रॉस वोटिंग के बीच कांग्रेस क...
Haryana News Bureau:
चंडीगढ़ । हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुआ मुकाबला किसी हाई-वोल्टेज ड्रामे से कम नहीं रहा। आंकड़ों की बाजीगरी और क्रॉस वोटिंग के बीच कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध ने जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया है। इस चुनाव में जहाँ भाजपा के संजय भाटिया आसानी से विजयी रहे, वहीं दूसरी सीट पर जीत-हार का फैसला एक वोट से भी कम (मात्र 0.66) के अंतर से हुआ।
90 सदस्यीय विधानसभा वाले इस चुनाव में कुल 88 वोट डाले गए, क्योंकि इनेलो के दो विधायकों ने मतदान से दूरी बनाए रखी। गणना के दौरान 5 वोट रद्द होने के बाद कुल 83 वैध वोट बचे। भाजपा के 48 विधायकों में से एक का वोट रद्द होने पर उनके पास 47 वोट रहे। पार्टी ने रणनीति के तहत अपने मुख्य उम्मीदवार संजय भाटिया को पहली प्राथमिकता के 39 वोट दिलाए, जबकि बचे हुए 8 वोट निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के खाते में गए।
असली उलटफेर कांग्रेस के खेमे में देखने को मिला।
कांग्रेस के कुल 37 विधायकों में से 4 के वोट रद्द हो गए और 5 विधायकों ने पार्टी लाइन से हटकर भाजपा समर्थित प्रत्याशी सतीश नांदल के पक्ष में क्रॉस वोटिंग कर दी। इन झटकों के बावजूद कर्मवीर बौद्ध के पास पहली प्राथमिकता के 28 वोट बचे रहे।
दूसरी ओर, सतीश नांदल को पहली प्राथमिकता के कुल 16 वोट मिले (भाजपा के 8, कांग्रेस के 5 और निर्दलीय के 3)। राज्यसभा चुनाव के जटिल गणना फॉर्मूले के अनुसार, संजय भाटिया की जीत के बाद उनके अतिरिक्त बचे 11.34 वोट दूसरी प्राथमिकता के आधार पर सतीश नांदल को ट्रांसफर हुए। इसके बाद नांदल का कुल आंकड़ा 27.34 तक पहुँचा, जो कर्मवीर बौद्ध के 28 वोटों से 0.66 कम रह गया। इस मामूली अंतर ने बौद्ध की संसद तक की राह साफ कर दी।
अनुसूचित जाति प्रतिनिधित्व में कांग्रेस की बढ़त
कर्मवीर बौद्ध की इस जीत ने हरियाणा के सियासी समीकरणों को भी नया मोड़ दे दिया है। अब प्रदेश से अनुसूचित जाति (विशेषकर रविदासिया समाज) के तीन बड़े चेहरे कांग्रेस की ओर से संसद में होंगे, जिनमें सिरसा से लोकसभा सांसद कुमारी शैलजा और अंबाला से वरुण मुलाना के बाद अब राज्यसभा में कर्मवीर बौद्ध का नाम शामिल हो गया है। इसके विपरीत, वर्तमान में भाजपा के पास हरियाणा से लोकसभा या राज्यसभा में अनुसूचित जाति वर्ग का कोई भी प्रतिनिधित्व नहीं बचा है, जिसे आगामी राजनीति के लिहाज से कांग्रेस की बड़ी मनोवैज्ञानिक बढ़त माना जा रहा है।
Dr. Jarnail Singh मुख्य संपादक
Chief Editor - GajabHaryana
धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र, हरियाणा और राष्ट्रीय समसामयिक विषयों पर निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी प्रामाणिक पत्रकारिता।